भिलाई: दुर्ग पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए भिलाई के पावर हाउस स्थित एक होटल में चल रहे हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से लखनऊ की दो युवतियों को आपत्तिजनक हालत में गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस रेड के दौरान युवतियों ने जमकर झूमाझटकी की और विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मौके पर काफी देर तक गहमागहमी बनी रही।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पावर हाउस क्षेत्र के श्याम प्लाजा में स्थित ओम साईं रेसीडेंसी होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। सूचना मिलते ही दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर दबिश दी। देर रात करीब 11:30 बजे हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक कमरे से दो युवतियों और दो युवकों को पकड़ा। बताया जा रहा है कि ये युवतियां लखनऊ से बुलाई गई थीं।
छापेमारी के दौरान जब पुलिस ने युवतियों को गिरफ्तार करने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी शुरू कर दी। युवतियों ने पुलिस के साथ काफी बहस भी की, लेकिन पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान होटल के आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस रैकेट का सरगना कौन है, इसकी जांच की जा रही है। होटल में ऐसे अनैतिक गतिविधियों को संरक्षण देने के आरोप में होटल मैनेजर को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मैनेजर पर भी कार्रवाई करने की बात कही है। पकड़े गए युवकों से भी गहन पूछताछ की जा रही है ताकि इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।
यह पहला मामला नहीं है जब भिलाई में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ हो। इससे पहले भी शहर के कई होटलों और स्पा सेंटरों पर इस तरह की कार्रवाई हो चुकी है। दुर्ग पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अनैतिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








