Breaking

Korba Elderly Woman Murder: मुंह में कपड़ा ठूंसकर और नायलॉन की रस्सी से गला घोंटकर वृद्धा की हत्या, जादू-टोने के शक में वारदात की आशंका

Crime 21 November 2026 (9)

post

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कोरबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लाद में एक 70 वर्षीय वृद्धा की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मृतका की पहचान पद्मनिया बाई के रूप में हुई है, जो गुरुवार रात अपने घर में अकेले सो रही थीं। इस नृशंस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल व्याप्त है।

Advertisement

​मिली जानकारी के अनुसार, अज्ञात आरोपी ने रात के समय घर में घुसकर सो रही वृद्धा के मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वह शोर न मचा सके। इसके बाद आरोपी ने नायलॉन की रस्सी से वृद्धा का गला कसकर उनकी हत्या कर दी। इस वारदात का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब मृतका की बहू घर पहुंची और भीतर का दृश्य देखकर सन्न रह गई।

​घटना की सूचना मिलते ही कोरबी चौकी पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान यह चौंकाने वाला तथ्य भी सामने आया कि हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर ही शौच भी किया था।

​फॉरेंसिक टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को इस बात की आशंका है कि वारदात के पीछे जादू-टोने या अंधविश्वास से जुड़ा संदेह हो सकता है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

​पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

You might also like!