Breaking

दिल्ली में गूंजेगी छत्तीसगढ़ की शक्ति: अमृत मित्र महोत्सव के लिए 75 महिलाएं रवाना, डिप्टी सीएम अरुण साव ने दिखाई हरी झंडी

Chhattisgarh RRT News Desk 11 March 2026

post

रायपुर: छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी सफलता की कहानी सुनाने को तैयार है। राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर आज एक गरिमामय कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने 'अमृत मित्र महोत्सव' में शामिल होने जा रही 75 महिलाओं को छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से नई दिल्ली के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे भी मौजूद रहीं। यह दल 13 मार्च 2026 को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले भव्य महोत्सव में शिरकत करेगा, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर करेंगे।

Advertisement

छत्तीसगढ़ से जाने वाले इस दल में रायपुर और बिलासपुर नगर निगमों से 15-15, लोरमी और मुंगेली नगर पालिका से 15-15, रतनपुर से 7 और कोटा नगर पंचायत से 8 महिलाएं शामिल हैं। उपमुख्यमंत्री श्री साव ने बताया कि भारत सरकार की 'वूमेन फॉर ट्री' अमृत मित्र योजना के तहत इन महिलाओं ने न केवल वृक्षारोपण किया है, बल्कि पौधों के संधारण की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रही हैं। इसके बदले शासन द्वारा प्रत्येक महिला को ₹8,000 प्रतिमाह मानदेय भी दिया जा रहा है। प्रदेश में इस योजना के तहत अब तक 1.61 लाख से अधिक पौधे रोपे जा चुके हैं।

अमृत मित्र महोत्सव का मुख्य उद्देश्य शहरी सेवाओं में सामुदायिक भागीदारी को सशक्त बनाना और स्व-सहायता समूहों (SHGs) की महिलाओं को एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करना है। नई दिल्ली में देशभर से आने वाली लगभग 1,000 महिलाएं अपने उत्कृष्ट कार्यों का प्रस्तुतिकरण देंगी। डिप्टी सीएम ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव का विषय है कि यहाँ की महिलाएं पर्यावरण संरक्षण और शहरी विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं। कार्यक्रम के समापन के बाद इन महिलाओं को दिल्ली भ्रमण भी कराया जाएगा, जिसकी पूरी व्यवस्था शासन द्वारा की गई है।

रवानगी के दौरान रायपुर नगर निगम आयुक्त श्री विश्वदीप, सूडा के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दुष्यंत रायस्त सहित भारी संख्या में निगम और रेलवे के आला अधिकारी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने सभी महिलाओं को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर उनकी सुखद यात्रा की कामना की। 'वूमेन फॉर ट्री' योजना के अंतर्गत प्रदेश में ₹27.48 करोड़ की 444 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जो न केवल हरियाली बढ़ा रही हैं, बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का जरिया भी बनी हैं।

You might also like!