CG NEWS : बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम कुमार मारेंगा क्षेत्र में बाघ की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर का माहौल है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे बाघ ने एक गाय को अपना शिकार बना लिया। इस घटना के बाद गांव के लोग और किसान काफी सहमे हुए हैं।
बताया जा रहा है कि तोकापाल क्षेत्र में यह पहली बार है जब बाघ ने किसी गौवंशीय पशु का शिकार किया है। इससे पहले रविवार को तोकापाल के ही ग्राम खंडियापाल में बाघ के पदचिन्ह देखे गए थे। इसके बाद से ही वन विभाग इलाके में निगरानी कर रहा था।
गाय के शिकार की सूचना मिलते ही जगदलपुर वनपरिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाघ के पगचिन्हों के आधार पर उसकी गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है।








