CG Police HNLU Criminal Law Summit Vijay Sharma: आधुनिक तकनीक और वैज्ञानिक विवेचना से सुदृढ़ होगी आपराधिक न्याय प्रणाली- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा; ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस में छत्तीसगढ़ पुलिस देश में 9वें स्थान पर पहुंची

Chhattisgarh 26 November 2026 (4)

post

रायपुर। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा आज संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस एवं हिदायतुल्लाह राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (एचएनएलयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक दिवसीय समिट में शामिल हुए। ‘रिफॉर्म टू रियलिटी : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ विषय पर आयोजित इस समिट में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, न्यायविदों और विधि शिक्षाविदों ने नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यावहारिक चुनौतियों और वैज्ञानिक विवेचना को सुदृढ़ बनाने पर विचार-विमर्श किया।

Advertisement

​ई-साक्ष्य और सीसीटीएनएस में 3 माह में 26वें से 9वें स्थान पर पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस

​उप मुख्यमंत्री शर्मा ने नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ई-साक्ष्य और क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम (सीसीटीएनएस) के क्षेत्र में राज्य की पुलिस ने मात्र तीन माह में राष्ट्रीय स्तर पर 26वें स्थान से 9वें स्थान पर पहुंचकर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने छत्तीसगढ़ को नए कानूनों के अनुरूप पूर्णतः डिजिटल न्याय व्यवस्था वाला राज्य बनाने के लिए पुलिस, अभियोजन, न्यायपालिका और विधि शिक्षाविदों के बीच बेहतर समन्वय तथा वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन के माध्यम से दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने स्थापना के 24 वर्षों के भीतर छत्तीसगढ़ पुलिस को मिले ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ सम्मान को प्रदेश के लिए गौरव बताया।

​संविधान की प्रस्तावना की शपथ और 35 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों का प्रशिक्षण

​भारतीय संविधान को अंगीकृत किए जाने के 77 वर्ष पूर्ण होने पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने उपस्थित अधिकारियों और प्रतिभागियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ दिलाई। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने डिजिटल साक्ष्यों के प्रबंधन और आधुनिक विवेचना पद्धतियों को मजबूत करने की आवश्यकता जताई।

​पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) एवं राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जी.पी. सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में हुए समझौता ज्ञापन के तहत छत्तीसगढ़ पुलिस और एचएनएलयू के संयुक्त प्रयासों से अब तक 35 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों का गहन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। एचएनएलयू के कुलपति प्रो. (डॉ.) वी.सी. विवेकानंदन ने जीरो एफआईआर और ई-एफआईआर को आम नागरिकों के लिए न्याय की पहुंच आसान बनाने वाला कदम बताया।

​वैज्ञानिक विवेचना पर तीन तकनीकी सत्र, 35 हजार पुलिसकर्मी ऑनलाइन जुड़े

​समिट में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी, पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार वर्मा, पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति दीपक कुमार तिवारी और छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक न्यायालय के अध्यक्ष राजेश कुमार श्रीवास्तव ने एनडीपीएस प्रकरणों में साक्ष्य संकलन, विवेचना की गुणवत्ता और समयबद्ध फोरेंसिक रिपोर्ट के महत्व पर तकनीकी सत्रों में मार्गदर्शन दिया।

​समिट में लगभग 300 पुलिस अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि यूट्यूब लाइव प्रसारण के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के करीब 35 हजार पुलिस, अभियोजन और फोरेंसिक अधिकारी जुड़े। इस अवसर पर एडीजी दीपांशु काबरा, आईजी ओ.पी. पाल, डीआईजी सुजीत कुमार, एसएसपी डॉ. अभिषेक पल्लव सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

You might also like!