Press Conference Lakhanlal Dewangan: उद्योग और निवेश का नया हब बना छत्तीसगढ़, 3 साल में लगे 3,271 नए उद्योग और मिले 8.85 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव

Chhattisgarh 26 November 2026 (5)

post

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘औद्योगिक विकास नीति 2024-30’, प्रशासनिक सुधारों और सिंगल विंडो व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन से निवेश और औद्योगिक गतिविधियों में तेजी से विस्तार हुआ है। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद के ऑडिटोरियम में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में वाणिज्य एवं उद्योग, वाणिज्यिक कर और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा वाणिज्य एवं उद्योग सचिव रजत कुमार ने विभाग की प्रमुख उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश को 8.85 लाख करोड़ रुपये के 309 निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनसे आगामी वर्षों में लगभग 2 लाख रोजगार सृजित होने की संभावना है।

Advertisement

​3,271 नए उद्योगों की स्थापना, एआई और सेमीकंडक्टर क्षेत्रों में निवेश

​मंत्री देवांगन ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में राज्य में 3,271 नए उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे 54 हजार से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिला है। प्राप्त 309 निवेश प्रस्तावों में से 192 प्रोजेक्ट्स उन्नत चरण में हैं, 160 का क्रियान्वयन जारी है और 32 इकाइयों में उत्पादन प्रारंभ हो चुका है। कुल निवेश का 51 प्रतिशत थ्रस्ट सेक्टर्स और 49 प्रतिशत पारंपरिक क्षेत्रों में है तथा 24 जिलों में कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में पहली बार गारमेंट सेक्टर, चॉकलेट निर्माण, एआई डेटा सेंटर पार्क, हाइपरस्केल डेटा सेंटर, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्लोबल बीपीओ, इंट्राओकुलर लेंस और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे नए क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं विकसित हुई हैं।

​1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी और 2,700 से अधिक पंजीकृत स्टार्टअप्स

​मंत्री देवांगन के अनुसार, औद्योगिक इकाइयों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार द्वारा अब तक 1,594 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। राज्य में 2,700 से अधिक स्टार्टअप पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,500 से ज्यादा स्टार्टअप पिछले तीन वर्षों में शुरू हुए हैं। इसके साथ ही विनिर्माण सूक्ष्म इकाई को 100 प्रतिशत और सेवा सूक्ष्म इकाई को 150 प्रतिशत स्थायी पूंजी निवेश लाभ, महिला व एससी/एसटी सूक्ष्म इकाइयों को 25 प्रतिशत मार्जिन मनी सब्सिडी, ब्याज मुक्त ऋण तथा प्रक्रियाधीन ‘उद्यम क्रांति योजना’ के माध्यम से उद्यमिता को बढ़ावा दिया जा रहा है।

​सिंगल विंडो से 210 से अधिक सेवाएं, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में सुधार

​उद्योग सचिव रजत कुमार ने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम के तहत 25 विभागों की 210 से अधिक सेवाएं और अनुदान ऑनलाइन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिसके माध्यम से 7,000 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं और बस्तर से आवेदनों में 102 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। ऑनलाइन लैंड मैनेजमेंट सिस्टम के तहत 1,548 एकड़ भूमि का डिजिटल आवंटन तथा 100 प्रतिशत जीआईएस एकीकृत भूमि अभिलेख तैयार किए गए हैं।

​उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट 2026, जन विश्वास एक्ट 2025 (279 अपराधों को गैर-आपराधिक बनाने के दो संस्करण लागू करने में देश में प्रथम), 17,893 मामलों में स्व-प्रमाणन, भू-डायवर्जन अनुमति की समाप्ति और 3 लाख से अधिक मामलों में स्वचालित नामांतरण जैसे सुधार लागू किए गए हैं। वहीं राज्य के 12 जिलों में 24 नए औद्योगिक क्षेत्र और पार्क स्थापित किए गए हैं।

​निर्यात में 12.19 प्रतिशत की वृद्धि और राष्ट्रीय स्तर पर शीर्ष रैंकिंग

​सचिव रजत कुमार ने जानकारी दी कि प्रदेश का निर्यात वर्ष 2023-24 के 16,681 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 18,715 करोड़ रुपये (12.19 प्रतिशत वृद्धि) तक पहुंच गया है। इसमें चीन को 12,000 टन कॉपर कन्संट्रेट, कोस्टा रिका को एफआरके, पापुआ न्यू गिनी को चावल और यूके को हर्बल उत्पादों का निर्यात प्रमुख है। इसके साथ ही ‘निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30’ अधिसूचित की गई है।

​राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ को नीति आयोग के इन्वेस्टमेंट फ्रेंडलीनेस इंडेक्स 2026 में नियामकीय सुगमता व संस्थागत वातावरण में प्रथम स्थान, Deregulation 2.0 में दूसरा स्थान, LEADS 2025 में लैंडलॉक्ड राज्यों में ‘High Performer’ और BRAP 2024 की चार श्रेणियों में ‘Top Achiever’ का दर्जा प्राप्त हुआ है।

You might also like!