CG News- राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित प्रांतीय आचार्य सामान्य प्रशिक्षण एवं दक्षता वर्ग 2026 के समापन समारोह में प्रदेश के स्कूल शिक्षा एवं जिला प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। इस दौरान मीडिया से खास चर्चा करते हुए मंत्री ने प्रदेश में लंबे समय से प्रतीक्षित शिक्षक भर्ती को लेकर युवाओं के संशय को पूरी तरह दूर कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भर्ती को लेकर सरकार की नीति बिल्कुल साफ है।
शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिक्षक भर्ती पर बड़ा अपडेट देते हुए कहा कि इस प्रक्रिया को लेकर अब किसी भी तरह के संशय की आवश्यकता नहीं है। सरकार द्वारा आवश्यक पदों की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त करते हुए बड़ा एलान किया कि बहुत जल्द ही शिक्षक भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन (विज्ञप्ति) और नया सिलेबस (पाठ्यक्रम) जारी कर दिया जाएगा। मंत्री के इस भरोसे के बाद प्रदेश के लाखों डीइडी-बीइडी पास युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई है।
शिक्षक भर्ती के साथ-साथ प्रभारी मंत्री ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था और हाल ही में सुशासन तिहार के दौरान हुई चाकूबाजी की घटना पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इस हिंसक घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही जिले के एसपी और आईजी को जांच के कड़े निर्देश दिए। मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।






