Breaking

हैवानियत की हदें पार: युवक को पेड़ से बांधा, फिर उसके सामने ही तीन दरिंदों ने किया युवती का सामूहिक दुष्कर्म!

Crime RRT News Desk 16 June 2026

post

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक बेहद खौफनाक और रूह कँपा देने वाली सामूहिक दुष्कर्म की वारदात सामने आई है। यहां जंगल के रास्ते पैदल जा रही एक 19 वर्षीय युवती को हवस का शिकार बनाया गया। हैवानियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने पीड़िता के साथ जा रहे एक युवक को बंधक बनाकर पहले पेड़ से बांध दिया, और फिर उसके सामने ही युवती के साथ सामूहिक रूप से दरिंदगी की। इस सनसनीखेज मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है।

Advertisement

मिली जानकारी के मुताबिक, यह खौफनाक घटना रविवार दोपहर की है। 19 साल की पीड़िता एक युवक के साथ जंगल के रास्ते से पैदल कहीं जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। जब पीड़िता और उसके साथ मौजूद युवक ने विरोध किया, तो आरोपियों ने युवक के साथ मारपीट की और उसे जबरन एक पेड़ से बांध दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों ने सूने जंगल का फायदा उठाते हुए युवती के साथ जबरदस्ती शुरू कर दी। इसी बीच, उन्होंने फोन करके अपने एक और साथी को मौके पर बुला लिया।

इसके बाद तीनों दरिंदों ने पेड़ से बंधे युवक के सामने ही तड़पती और रहम की भीख मांगती युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी पीड़िता और युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। किसी तरह बंधन से मुक्त होने के बाद पीड़ितों ने बलरामपुर थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई और मामला दर्ज कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को धर दबोचा, साथ ही वारदात में शामिल उनके नाबालिग साथी को भी बाल सुधार गृह भेजने की कार्रवाई की जा रही है।

You might also like!