छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत से एक बेहद आपत्तिजनक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक सरकारी स्कूल के शिक्षक नशे में धुत होकर स्कूल परिसर में ही तमाशा करते नजर आ रहे हैं। शिक्षक की हालत इतनी खराब थी कि वह ठीक से खड़ा भी नहीं हो पा रहा था और कैमरे के सामने ही उठक-बैठक करने लगा। इस दौरान जब ग्रामीण और मीडिया कर्मियों ने उनसे सवाल किया, तो उन्होंने जो जवाब दिया वह और भी चौंकाने वाला था।
नशे में 'टल्ली' शिक्षक ने कैमरे के सामने बड़ी बेबाकी से कुबूल किया कि उसने शराब पी है। शिक्षक ने लड़खड़ाती जुबान में कहा, "सिर्फ 20 रुपए में आधा गिलास पिया हूं।" स्कूल जैसे पवित्र स्थान पर बच्चों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ देखकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में बच्चे भी अपने गुरुजी की इस हालत को देख हैरान-परेशान नजर आ रहे हैं।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि शिक्षक पर बच्चों को अच्छी शिक्षा और संस्कार देने की जिम्मेदारी होती है, लेकिन यहाँ शिक्षक खुद ही नशे की गिरफ्त में था। ग्रामीणों का आरोप है कि यह शिक्षक अक्सर शराब पीकर स्कूल आता है, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मामले में स्कूल के अन्य स्टाफ ने भी चुप्पी साध रखी थी, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद सच सामने आ गया।
मामला संज्ञान में आते ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) ने इसे गंभीरता से लिया है। बीईओ ने कहा है कि शिक्षक का यह आचरण सेवा नियमों के विरुद्ध है और इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने आरोपी शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने और तत्काल प्रभाव से निलंबन (Suspension) की कार्यवाही करने की बात कही है।
सोशल मीडिया पर लोग शिक्षक की इस हरकत की कड़ी निंदा कर रहे हैं और सरकार से मांग कर रहे हैं कि ऐसे गैर-जिम्मेदार शिक्षकों को सेवा से बर्खास्त किया जाना चाहिए। फिलहाल, विभाग की जांच टीम स्कूल पहुंचकर पंचनामा तैयार कर रही है और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।








