जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र में महिला से अवैध रूप से पैसे वसूलने में नाकाम होने पर तीन आरोपियों ने उसकी झोपड़ी में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
अवैध वसूली नहीं हुई पूरी, इसलिए की वारदात
राहौद गांव निवासी पीड़िता शीतला बाई रत्नाकर ने पुलिस को बताया कि उसने 17 अप्रैल 2025 को आबादी भूमि को 2 लाख 50 हजार रुपये में खरीदा था और उसी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रह रही थी। इसी जमीन को लेकर आरोपी नरसिंग गोंड, बनक राम गोंड और भगत गोंड उससे मकान निर्माण के नाम पर 2 से ढाई लाख रुपये की अवैध मांग कर रहे थे।
झोपड़ी में तोड़फोड़ कर लगाई आग
जब पीड़िता ने आरोपियों की मांग पूरी नहीं की, तो 30 दिसंबर को तीनों आरोपियों ने झोपड़ी की दीवार को सब्बल से तोड़ दिया। इसके बाद घर में रखे सामान को बाहर निकालकर आग के हवाले कर दिया। आरोपियों ने महिला को जान से मारने की धमकी भी दी। इस आगजनी की घटना में महिला को करीब 2 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल
घटना की शिकायत मिलने के बाद शिवरीनारायण पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों नरसिंग गोंड, बनक राम गोंड एवं भगत गोंड को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

.webp)






