CG News- रायपुर के तात्यापारा वार्ड स्थित ऐतिहासिक हांडी तालाब में गंदगी और जलकुम्भी फैलने की शिकायत स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर निगम को दी गई थी। इस जनशिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए रायपुर नगर पालिक निगम जोन 7 के स्वास्थ्य विभाग ने बिना किसी देरी के मामले को संज्ञान में लिया। पर्यावरण संतुलन और जन स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने तालाब की सूरत बदलने के लिए तत्काल कार्ययोजना तैयार की।
इस अभियान को धरातल पर उतारने के लिए जोन क्रमांक 7 की अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा और जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव ने कड़े निर्देश जारी किए। इन आदेशों के परिपालन में जोन स्वास्थ्य अधिकारी आत्मानन्द साहू के कुशल मार्गनिर्देशन में 15 कुशल सफाई कामगारों की एक विशेष गैंग को काम पर लगाया गया। टीम ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए तालाब के एक बड़े हिस्से में फैली हानिकारक जलकुम्भी को पूरी तरह बाहर निकाला।
नगर निगम की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से न केवल हांडी तालाब का पुराना स्वरूप लौट आया है, बल्कि स्थानीय निवासियों को गंदगी से भी बड़ी राहत मिली है। समाजहित और पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से उठाए गए इस कदम की स्थानीय जनता जमकर सराहना कर रही है। जोन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में स्वच्छता और जनसमस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर उनकी प्रतिबद्धता आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।






