RRT News- झारखंड के सिमडेगा जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां छत्तीसगढ़ से एक पारिवारिक सगाई समारोह में शामिल होने आई एक नाबालिग लड़की को हवस का शिकार बनाया गया। समारोह की चहल-पहल के बीच तीन दरिंदों ने मौके का फायदा उठाकर पीड़िता को जबरन अगवा कर लिया और एक सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। इस रूह कँपा देने वाली घटना के बाद से दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में भारी आक्रोश है।
यह पूरी वारदात सिमडेगा जिले के कुरडेग थाना क्षेत्र की है। घटना के बाद बदहवास हालत में पीड़िता ने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई गई। छत्तीसगढ़ की बेटी के साथ हुई इस बर्बरता को गंभीरता से लेते हुए सिमडेगा पुलिस तुरंत हरकत में आई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर त्वरित टीमों का गठन किया गया और पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपियों की घेराबंदी शुरू की गई।
पुलिस ने अपनी तत्परता और सख्त कार्रवाई के बल पर महज 24 घंटे के भीतर ही तीनों नामजद आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर धर दबोचा। पकड़े गए तीनों आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और सामूहिक दुष्कर्म की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, गंभीर रूप से सदमे में आई पीड़ित नाबालिग लड़की को चिकित्सीय सहायता और काउंसिलिंग दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे कोर्ट में फास्ट ट्रैक ट्रायल के जरिए दरिंदों को सख्त से सख्त सजा दिलाने का प्रयास करेंगे।

-1781574441999_m~2.webp)





