Swachh Survekshan Awards 2026 : रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी सम्मानित, 11 नवंबर को मिलेगा राष्ट्रीय स्वच्छता पुरस्कार

Chhattisgarh 10 November 2026 (12)

post

रायपुर, 10 नवंबर 2026। ​छत्तीसगढ़ के लिए एक बार फिर गर्व का पल आया है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेश के तीन प्रमुख नगरीय निकायों—रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा को राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु सम्मानित करेंगी। खास बात यह है कि इन तीनों ही शहरों को पिछले वर्ष भी स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है।

Advertisement

​विज्ञान भवन में होगा भव्य समारोह

​केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आगामी 11 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सुबह 11:30 बजे से 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार समारोह' का आयोजन किया गया है। इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

​छत्तीसगढ़ की ओर से इस समारोह में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा (SUDA) के सीईओ सुमीत अग्रवाल के अलावा चयनित निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और समर्पित स्वच्छता कर्मी शामिल होंगे।

​सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत बनी सफलता का आधार

​स्वच्छ सर्वेक्षण के इस 10वें संस्करण में छत्तीसगढ़ के इन तीन शहरों ने अपनी बेहतरीन साफ-सफाई व्यवस्था के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर फिर से परचम लहराया है। इस बार के सर्वेक्षण की मुख्य थीम 'स्वच्छता की नई पहल—बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ' रखी गई थी, जो स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर जोर देती है। प्रदेश के इन शहरों में नगर निगम के अमले के साथ-साथ सफाई मित्रों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी इस बड़ी उपलब्धि का मुख्य आधार रही है।

You might also like!