बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हिर्री थाना क्षेत्र के मुड़पार गांव के पास धान रोपाई के लिए जा रहे श्रमिकों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
धान रोपाई के लिए जा रहे थे सभी मजदूर
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार सभी श्रमिक धान रोपाई के काम के लिए खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुड़पार गांव के पास वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़ पड़े।
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत कार्य
घटना की सूचना मिलते ही हिर्री थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
हादसे के कारणों की जांच शुरू
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। पुलिस दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच कर रही है।







