बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने 18 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर एक गृहिणी से 4 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने बिटकॉइन से जुड़ी एक कंपनी में निवेश कराने का भरोसा दिलाते हुए महिला से अपने बैंक खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर करा ली।
कुछ समय तक मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाने के बाद जब महिला को कोई लाभ नहीं मिला और न ही उसकी रकम वापस की गई, तब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का एहसास हुआ। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत तोरवा थाना पुलिस से की।
शिकायत के आधार पर तोरवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेनदेन और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी और सत्यता की जांच अवश्य करें।








