खैरागढ़। CG Breaking : कांग्रेस संगठन ने महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस में नई नियुक्तियों की घोषणा की गई है। कांग्रेस अध्यक्ष की मंजूरी के बाद महासचिव, सचिव और राष्ट्रीय संयोजक पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इसी क्रम में खैरागढ़ नगर की मयूरी सिंह को ऑल इंडिया महिला कांग्रेस का राष्ट्रीय सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से जिले और प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
राष्ट्रीय सचिव बनने पर मयूरी सिंह ने राष्ट्रीय और प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगी। साथ ही महिलाओं के अधिकारों और हितों की आवाज मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।
मयूरी सिंह ने बताया कि उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत कॉलेज चुनावों से हुई थी। वे अपने दादा स्वर्गीय लाल ज्ञानेंद्र सिंह, जो खैरागढ़ विधानसभा के पूर्व विधायक रहे हैं, के पदचिह्नों पर चलने का प्रयास कर रही हैं।
उल्लेखनीय है कि ऑल इंडिया महिला कांग्रेस में छत्तीसगढ़ से कुल तीन महिलाओं को शामिल किया गया है, जिनमें मयूरी सिंह का नाम भी शामिल है। नियुक्ति की घोषणा के बाद उन्हें प्रदेश और जिले भर से बधाई संदेश मिल रहे हैं।








