Breaking

CG News : छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड का ऐतिहासिक फैसला, प्रदेश की सभी मस्जिदों और इमामबाड़ों में शान से लहराएगा तिरंगा

Chhattisgarh RRT News Desk 24 January 2026

post

CG News : गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ से सांप्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रभक्ति की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आने वाली है। राज्य वक्फ बोर्ड ने एक बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लेते हुए प्रदेश की सभी मस्जिदों, इमामबाड़ों और वक्फ कार्यालयों में 26 जनवरी को तिरंगा फहराने का निर्देश जारी किया है। बोर्ड का मानना है कि इस पहल से न केवल राष्ट्रीयता की भावना बढ़ेगी, बल्कि मुस्लिम समुदाय को लेकर समाज में व्याप्त मिथक भी टूटेंगे। खास बात यह है कि इस आयोजन के लिए वक्फ बोर्ड आर्थिक मदद भी मुहैया कराएगा। आइए जानते हैं क्या है बोर्ड की योजना।

Advertisement


 छत्तीसगढ़ में इस बार गणतंत्र दिवस का जश्न मस्जिदों और इमामबाड़ों में भी पूरी भव्यता के साथ मनाया जाएगा। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने ऐलान किया है कि बोर्ड के अधीन आने वाली सभी संपत्तियों और इबादतगाहों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस फैसले की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी यह है कि बोर्ड ने इसके लिए बजट का भी प्रावधान किया है। जो भी मस्जिद या इमामबाड़ा प्रबंधन इस आयोजन के लिए आवेदन करेगा, उसे माइक, टेंट और मिठाई जैसी व्यवस्थाओं के लिए बोर्ड की ओर से आर्थिक अनुदान दिया जाएगा। इस कदम का उद्देश्य ग्रास रूट लेवल पर राष्ट्रीयता के भाव को मजबूती देना और समुदाय के हर व्यक्ति को राष्ट्र के इस महापर्व से सीधे तौर पर जोड़ना है। हिंदू संगठन बजरंग दल ने भी इस पूरे मामले में प्रतिक्रिया दी है।


वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने स्पष्ट किया कि अक्सर यह गलत धारणा बनाई जाती है कि मुस्लिम समुदाय राष्ट्रीय आयोजनों में पीछे रहता है। उन्होंने कहा कि इसी सोच और मिथक को बदलने के लिए यह पहल की गई है। बोर्ड का मानना है कि इबादतगाहों से जब तिरंगा लहराएगा, तो वह राष्ट्रभक्ति का एक बड़ा संदेश पूरे समाज में प्रसारित करेगा। राष्ट्रप्रेम को इबादत का हिस्सा मानते हुए अब राज्य के कोने-कोने में स्थित वक्फ कार्यालयों और धार्मिक स्थलों पर तिरंगा फहराने की तैयारियां जोरों पर हैं। यह फैसला न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए एकता और अखंडता की एक नई इबारत लिखने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

You might also like!