CG News : रायगढ़ पुलिस ने डीजल चोरी करने वाले संगठित गिरोह पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब दो हजार लीटर चोरी का डीजल और एक छोटा टैंकर जप्त किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) अनिल कुमार विश्वकर्मा एवं एसडीओपी प्रभात कुमार पटेल के मार्गदर्शन में साइबर सेल और छाल थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत हाईवे पर खड़े भारी वाहनों से डीजल चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस को विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में 22 जनवरी 2026 को ग्राम हाटी–धरमजयगढ़ मुख्य मार्ग पर ढोडीखार के पास डीजल की अवैध बिक्री की सूचना मिली।सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर छोटा डीजल टैंकर योधा 1700 वाहन क्रमांक BR 09 GC 1865 को पकड़ा, जिसमें करीब 2000 लीटर डीजल जैसा ज्वलनशील पदार्थ भरा हुआ था। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हाईवे किनारे खड़े ट्रकों से डीजल चोरी कर उसे सस्ते दामों पर बेचते थे। आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।इस कार्रवाई में छाल थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








