Breaking

उरला फैक्ट्री ब्लास्ट पर बड़ा एक्शन: फैक्ट्री बंद, मृतक श्रमिकों के परिजनों को ₹30-30 लाख मुआवजा

Chhattisgarh RRT News Desk 08 July 2026

post

रायपुर, 8 जुलाई 2026। उरला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। साथ ही कंपनी प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।

Advertisement

जानकारी के अनुसार ग्राम बेन्द्री स्थित फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर हादसे की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच के बाद व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता-2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत फैक्ट्री की सभी उत्पादन गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। विभाग ने कंपनी प्रबंधन को यह भी निर्देश दिया है कि बंदी के दौरान सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन और अन्य भत्तों का भुगतान समय पर किया जाए।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

You might also like!