रायपुर: नगर पालिक निगम रायपुर द्वारा अवैध निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए आज बड़ी कार्यवाही की गई। निगम आयुक्त श्री विश्वदीप के आदेश और जोन 5 के कमिश्नर श्री खीरसागर नायक के मार्गदर्शन में, चंगोराभाठा क्षेत्र में रिंग रोड नंबर 1 के पास एक निर्माणाधीन भवन को ध्वस्त कर दिया गया। यह निर्माण स्वीकृत अनुमति के विपरीत किया जा रहा था, जिसे निगम की टीम ने जेसीबी मशीन की सहायता से हटा दिया।
कार्यवाही के दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम मौके पर तैनात रही। इसमें कार्यपालन अभियंता श्री लाल महेंद्र प्रताप सिंह, सहायक अभियंता श्री नागेश्वर राव रामटेके और उप अभियंता श्री टिकेन्द्र चंद्राकर शामिल थे। नगर निवेश विभाग की टीम ने बताया कि भवन स्वामी को पहले भी नियमों के उल्लंघन को लेकर सूचित किया गया था, लेकिन निर्माण कार्य न रुकने पर अंततः विस्थापन की कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
शहर के व्यवस्थित विकास को बनाए रखने के लिए नगर निगम मुख्यालय के नगर निवेश उड़न दस्ता की टीम भी स्थल पर मुस्तैद रही। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अनुमति के विरुद्ध किए जा रहे किसी भी प्रकार के निर्माण कार्यों पर इसी तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। इस कार्यवाही से रिंग रोड क्षेत्र के आस-पास अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप मच गया है।








