रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी कपड़ा मार्केट में नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को निगम की टीम ने बाजार की पुरानी प्रकाश होजियरी होलसेल दुकान के सामने नाली पर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की कार्रवाई की।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ने नाली को पाटकर उस पर निर्माण कर लिया था। स्थानीय बस्तीवासियों ने इसकी शिकायत नगर निगम से की थी। शिकायत में कहा गया था कि नाली ढंकी होने से उसकी नियमित सफाई नहीं हो पा रही थी, जिससे बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित होती थी और आसपास के इलाके में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही थी।
शिकायत की जांच के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और नाली पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों का कहना है कि शहर में जल निकासी व्यवस्था बाधित करने वाले अतिक्रमणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
नगर निगम ने नागरिकों से सार्वजनिक नालियों और सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा नहीं करने की अपील की है।







