Breaking

विश्व शांति महिमा मेला 2026: गरियाबंद में प्रकृति और गौ माता को समर्पित भव्य आयोजन, स्वास्थ्य मंत्री करेंगे प्राकृतिक चिकित्यालय का उद्घाटन

Chhattisgarh RRT News Desk 26 February 2026

post

गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड स्थित कांडसर में 'अन्नत महिमा शक्ति सागर गौ सेवा केंद्र' द्वारा प्रकृति और गौ माता को समर्पित विश्व शांति वार्षिक महिमा मेला 2026 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 24 फरवरी से शुरू हुआ यह आध्यात्मिक समागम 3 मार्च 2026 तक चलेगा। मेले की शुरुआत गौ माता की उत्कल (ओडिशा) यात्रा के साथ हुई है, जो क्षेत्र भ्रमण के बाद 28 फरवरी को पुनः गौ धाम लौटेगी, जहाँ उनका भव्य स्वागत और शोभायात्रा निकाली जाएगी।

Advertisement

इस वर्ष मेले का मुख्य आकर्षण नवीन प्राकृतिक चिकित्यालय का उद्घाटन है, जो 28 फरवरी को दोपहर 12 बजे छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के करकमलों द्वारा संपन्न होगा। इस अवसर पर 28 फरवरी से 2 मार्च तक एक विशेष निशुल्क प्राकृतिक चिकित्सा शिविर भी लगाया जा रहा है। इस शिविर में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की निशुल्क जांच और उपचार किया जाएगा, जिसके लिए आयोजकों ने अग्रिम पंजीयन की सुविधा भी दी है।

मेले के आध्यात्मिक पक्ष की बात करें तो 1 मार्च से विश्व शांति ब्रह्म यज्ञ का शुभारंभ होगा। तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में सामूहिक प्रार्थना, नीति वाणी, भजन सत्संग और महिमा धर्म दीक्षा जैसे अनुष्ठान होंगे। आयोजन की सबसे अनोखी विशेषता यह है कि इसमें प्रकृति के तत्वों—जल (अंबू), पौधा (अर्क) और वायु को प्रतीक रूप में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है, जो पर्यावरण संरक्षण का एक बड़ा संदेश देता है।

कार्यक्रम का समापन 3 मार्च को पूर्णाहुति, सप्तामृत भोग अर्पण और गौ पूजन के साथ होगा। इस भव्य मेले में यज्ञिक उदयनाथ बाबाजी के सानिध्य में छत्तीसगढ़ और ओडिशा के अनेक संत-महात्मा और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी और सांसद बलभद्र मांझी सहित कई विशिष्ट हस्तियां इस दौरान उपस्थित रहेंगी। आयोजकों ने समस्त श्रद्धालुओं और प्रकृति प्रेमियों से इस पुण्य आयोजन का हिस्सा बनने की अपील की है।

You might also like!