रायपुर। राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित भव्य रथयात्रा महोत्सव में गुरुवार को राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। दोनों ने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया तथा पारंपरिक छेरा-पहरा की रस्म निभाते हुए प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम वर्षा और किसानों की खुशहाली की कामना की। वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच रथयात्रा का शुभारंभ हुआ।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आस्था, लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का महापर्व है। उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ किसानों के आराध्य हैं और उनकी कृपा से समय पर वर्षा, अच्छी फसल तथा प्रदेश में समृद्धि आती है। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों के सुख, शांति और मंगलमय जीवन की कामना की।
रायपुर के गायत्री नगर स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर में हर वर्ष पुरी की विश्वप्रसिद्ध रथयात्रा की तर्ज पर यह आयोजन किया जाता है। ओडिशा से सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण छत्तीसगढ़ में भी भगवान जगन्नाथ के प्रति विशेष श्रद्धा है। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।







