रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल लोकार्पण कर प्रदेश को आधुनिक रेल अधोसंरचना की नई सौगात दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित इन रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण प्रदेश के रेल नेटवर्क को नई मजबूती देगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक रेलवे स्टेशन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति प्रदान करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से छत्तीसगढ़ में रेल अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है। आधुनिक रेलवे स्टेशनों और बेहतर कनेक्टिविटी से प्रदेश में निवेश, उद्योग और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, वहीं आम नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।







