Breaking

जुगाड़ तकनीक से किसान ने बनाई सीड ड्रिल, कम लागत में आधुनिक बुवाई का सफल मॉडल बना प्रेरणा

Chhattisgarh RRT News Desk 15 July 2026

post

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खेती को आधुनिक और लाभकारी बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम दरमोहली के प्रगतिशील किसान एवं लोक कलाकार भानुप्रताप उर्फ भानु रंगीला ने अपनी सूझबूझ से पारंपरिक कृषि उपकरण को जुगाड़ तकनीक के जरिए सीड ड्रिल में बदल दिया। इस नवाचार से वे कम लागत में मूंगफली की वैज्ञानिक बुवाई कर रहे हैं। कृषि विभाग के सहयोग और राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन (एनएमईओ-ऑयल) योजना के तहत मिले गुणवत्तायुक्त बीजों ने इस प्रयास को और प्रभावी बनाया है।

Advertisement

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज और तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराकर खेती को आत्मनिर्भर और अधिक लाभकारी बनाने पर जोर दे रही है। इसी पहल के तहत भानुप्रताप को 80 किलोग्राम गुणवत्तायुक्त मूंगफली बीज उपलब्ध कराया गया, जिसकी मदद से उन्होंने करीब दो एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक तरीके से बुवाई की। स्वयं तैयार की गई सीड ड्रिल के कारण बीज समान दूरी पर बोए जा रहे हैं, जिससे श्रम और समय दोनों की बचत हो रही है। साथ ही बेहतर अंकुरण और उत्पादन की संभावना भी बढ़ी है।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार स्थानीय स्तर पर विकसित ऐसे नवाचार खेती की लागत कम करने और उत्पादकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं। विभाग किसानों को आधुनिक तकनीकों के साथ-साथ उपयोगी स्थानीय प्रयोग अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित कर रहा है। जिला प्रशासन और कृषि विभाग के संयुक्त प्रयासों से संचालित योजनाएं किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। भानुप्रताप उर्फ भानु रंगीला का यह मॉडल अब अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है और आत्मनिर्भर एवं आधुनिक कृषि की दिशा में छत्तीसगढ़ की नई पहचान को मजबूत कर रहा है।

You might also like!