रायपुर। राजधानी रायपुर के मौदहापारा स्थित केके रोड को अब ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से जाना जाएगा। जयस्तंभ चौक से फाफाडीह चौक तक के इस मार्ग पर नामकरण पट्टिकाएं स्थापित कर दी गई हैं। रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी ने नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, जनप्रतिनिधियों और स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिवारजनों की उपस्थिति में नामकरण पट्टिका का अनावरण किया।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के परिवारजनों ने क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान विधायक सुनील सोनी से मार्ग के नामकरण की मांग की थी। इसके बाद नगर निगम के माध्यम से जयस्तंभ चौक और फाफाडीह क्षेत्र में ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ की नामकरण पट्टिकाएं लगाई गईं। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और निगम अधिकारी भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विधायक सुनील सोनी ने स्वर्गीय कृष्ण कुमार शर्मा के योगदान को याद करते हुए उनके भतीजे अशोक शर्मा को श्रीफल और शाल भेंट कर सम्मानित किया। अब मौदहापारा का यह प्रमुख मार्ग आधिकारिक रूप से ‘कृष्ण कुमार शर्मा मार्ग’ के नाम से पहचाना जाएगा।








